गीता स्थली ज्योतिसर में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गीता महोत्सव पर किया गीता पूजन

गीता स्थली ज्योतिसर में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गीता महोत्सव पर किया गीता पूजन

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ज्योतिसर प्रोजेक्ट को जल्द पूरा करने के दिए निर्देश, मुख्यमंत्री मनोहर लाल, खेल मंत्री संदीप सिंह, सांसद नायब सिंह सैनी, विधायक सुभाष सुधा ने गीता स्थली ज्योतिसर का किया अवलोकन
गीता महोत्सव 5159 वर्ष पूरे होने पर गीता जन्म स्थली की पावन धरा पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गीता पूजन किया। इसके साथ ही हवन यज्ञ में मंत्रौच्चारण के बीच पूर्ण आहुति डाली। इस पूजा अर्चना के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल, खेल मंत्री संदीप सिंह, सांसद नायब सिंह सैनी, विधायक सुभाष सुधा ने ज्योतिसर तीर्थ का अवलोकन करने के साथ-साथ भगवान श्रीकृष्ण के विराट स्वरुप के भी दर्शन किए।
अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव-2022 में गीता जयंती के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल मुख्य अतिथि के रुप में पहुंचे। रविवार को जैसे ही मुख्यमंत्री गीता स्थली ज्योतिसर में पहुंचे, यहां पर चारों तरफ मंत्रौच्चारण के बीच गीता के उपदेश गूंज रहे थे। केडीबी और प्रशासन की तरफ से 29 नवंबर से श्रीमद भगवद गीता पाठ का आयोजन चल रहा था। इस श्रीमद भगवद गीता पाठ की पूर्णाहुति कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मनोहर लाल, खेल मंत्री संदीप सिंह, सांसद नायब सिंह सैनी, विधायक सुभाष सुधा, मुख्यमंत्री के राजनैतिक सचिव कृष्ण कुमार बेदी, उपायुक्त शांतनु शर्मा, पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र भौरिया, केडीबी के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा, सीईओ केडीबी चंद्रकांत कटारिया ने मंत्रौच्चारण के बीच हवन यज्ञ में पूर्ण आहुति डाली और प्राचीन वट वृक्ष के नीचे पवित्र ग्रंथ गीता को नतमस्तक होकर पूजा अर्चना की है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ज्योतिसर तीर्थ का अवलोकन करने के उपरांत भगवान श्रीकृष्ण के विराट स्वरूप के भी दर्शन किए। यहां पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पर्यटन विभाग के अधिकारियों से ज्योतिसर में बन रहे महाभारत थीम और अन्य प्रोजेक्ट के बारे में फीडबैक ली। मुख्यमंत्री ने फीडबैक के बाद अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस प्रोजेक्ट को जल्द पूरा किया जाए। मुख्यमंत्री ने आदेश दिए कि ज्योतिसर प्रोजेक्ट को जल्द से जल्द पूरा करने का प्रयास किया जाए। इसके अलावा विराट स्वरूप के आसपास पर्यटकों के बैठने की व्यवस्था और परिक्रमा आदि के बारे में केडीबी के अधिकारियों को कुछ आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए है। इस स्थल को एक बेहतरीन पर्यटन स्थल के रूप में सरकार की तरफ से विकसित किया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट पर राज्य सरकार की तरफ से करोड़ों रुपए का बजट खर्च किया जा रहा है और केन्द्र सरकार की तरफ से कृष्णा सर्किट के तहत भी बजट खर्च किया गया है। इस मौके पर जिला परिषद के सदस्य डीपी चौधरी, केडीबी सदस्य विजय नरूला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Quick Navigation