International Gita Mahotsav

 

INTERNATIONAL GITA MAHOTSAV

JAPAN

शाहाबाद गूँजा गीता के संग — 3100 बच्चों का सामूहिक पाठ

शाहाबाद स्थित मारकंडेश्वर मंदिर में पहली बार आयोजित जिला स्तरीय गीता जयंती समारोह ने सोमवार के प्रातःकालीन सत्र को ऐतिहासिक बना दिया, जब 3100 स्कूली विद्यार्थियों ने ठीक 11 बजे एक मिनट का सामूहिक गीता पाठ कर पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मकता से भर दिया। इसके बाद दोपहर 12 बजे विद्यार्थियों ने श्रीमद्भगवद्गीता के 18 श्लोकों का वैश्विक गीता पाठ किया, जिसमें कुरुक्षेत्र के केशव पार्क से हुए मुख्य आयोजन का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया। मुख्य अतिथि ने कहा कि शाहाबाद में पहली बार इस स्तर का गीता जयंती समारोह आयोजित होना गर्व का विषय है, क्योंकि यही वे आयोजन हैं जो भगवान श्रीकृष्ण द्वारा हजारों वर्ष पूर्व दी गई कर्मयोग, निष्काम भाव और जीवन जीने की श्रेष्ठ पद्धति को अगली पीढ़ियों तक पहुँचाते हैं। अति विशिष्ट अतिथि दीपक सिंघल ने युवाओं को गीता को सकारात्मक सोच और उत्तम कर्मों की आधारशिला बताते हुए कहा कि देश का भविष्य तभी मजबूत होगा जब वर्तमान पीढ़ी गीता के ज्ञान से प्रेरित होगी। भाजपा के वरिष्ठ नेता सुभाष कलसाना ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में शाहाबाद में पहली बार जिला स्तरीय गीता जयंती मनाए जाने को ऐतिहासिक कदम बताया। कार्यक्रम में अतिथियों ने विभागीय प्रदर्शनियों का अवलोकन किया और मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह व शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्रिंसिपल लक्ष्मी प्रसाद शास्त्री और जिओ गीता के संजीव सप्रा ने गीता पर सारगर्भित व्याख्यान दिया, जबकि मंच संचालन बलराम शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी बिजेंद्र सिंह, विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, जिओ गीता के सदस्य तथा उपमंडल प्रशासन के अधिकारी–कर्मचारी भारी संख्या में विद्यार्थियों सहित उपस्थित रहे।

Scroll to Top
Enable Notifications OK No thanks