




धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र पूरे विश्व को दे रहा है कर्म करने का संदेश: भारत भूषण भारती
मुख्यमंत्री के ओएसडी भारत भूषण भारती ने महाआरती में की शिरकत, केडीबी की ओर से मेहमानों को स्मृति-चिन्ह भेंट कर किया गया सम्मानित
कुरुक्षेत्र, 27 नवंबर। मुख्यमंत्री के ओएसडी भारत भूषण भारती ने कहा कि धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर हजारों वर्ष पूर्व भगवान श्रीकृष्ण ने गीता का उपदेश दिया था। आज भी इस पवित्र भूमि से पूरे विश्व को कर्म करने का अमर संदेश प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी 1 दिसंबर के दीपोत्सव में दीपों की रोशनी न केवल कुरुक्षेत्र को आलोकित करेगी, बल्कि विश्वभर में गीता के ज्ञान का प्रकाश फैलाने का कार्य करेगी।
भारत भूषण भारती ब्रह्मसरोवर स्थित पुरुषोत्तमपुरा बाग में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के गीता महाआरती कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री के ओएसडी भारत भूषण भारती, चेयरमैन अमरपाल राणा, चेयरमैन जय सिंह पाल, नैरोलैक मुंबई के वाइस प्रेजिडेंट राम मल्होत्रा, जेडएम नोएडा के ईश मदान, हैरी जालंधर, तथा केडीबी के मानद सचिव उपेंद्र सिंघल सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों ने दीपशिखा प्रज्वलित कर सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ किया।
भारत भूषण भारती ने कहा कि यह गौरव का विषय है कि कुरुक्षेत्र की धार्मिक और ऐतिहासिक भूमि पर आयोजित अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के माध्यम से दुनिया को शांति, सद्भावना और धर्म की स्थापना का संदेश दिया जा रहा है। हिंदुस्तान के संतों ने अपनी ओजस्वी वाणी के माध्यम से सदैव गीता के उपदेशों को जन-जन तक पहुँचाया है और यही कारण है कि यह पावन भूमि आज भी विश्वभर के श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही है।
उन्होंने कहा कि सांध्यकालीन महाआरती का दिव्य दृश्य मन को पवित्रता, शांति और अध्यात्म से भर देता है। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा कुरुक्षेत्र की इसी पावन भूमि पर दिया गया गीता का उपदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक, प्रेरक और विश्व-कल्याणकारी है।
कार्यक्रम के अंत में केडीबी की ओर से सभी अतिथियों को स्मृति-चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर केडीबी सदस्य विजय नरुला, डॉ. एम.के. मोदगिल, कैप्टन अमरजीत सिंह, अशोक रोशा, डॉ. ऋषिपाल मथाना, मेला प्राधिकरण के सदस्य डॉ. अवनीत वडैच, सौरभ चौधरी, सैनी समाज सभा के प्रधान गुरनाम सैनी, हरमेश सिंह सैनी, सुशील राणा, डॉ. अलकेश मोदगिल, राजेश कुमार, डॉ. संदीप छाबड़ा, रोशन बेदी, संजय चौधरी, धीरज वालिया सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।