पानीपत के विधायक महिपाल ढांडा ने कहा कि पवित्र ब्रह्मसरोवर की महाआरती से कर्म करने की शक्ति मिलती है, इस शक्ति से समाज सेवा में अपना योगदान दिया जा सकता है। इसलिए प्रत्येक मनुष्य को कर्म करने का संदेश लेने के लिए कुरुक्षेत्र की भूमि पर जरुर आना चाहिए और पवित्र ग्रंथ गीता के संदेशों को अपने जीवन में धारण करके उनका अनुसरण करना चाहिए।
विधायक महिपाल ढांडा सोमवार को देर सायं ब्रह्मसरोवर पुरुषोत्तमपुरा बाग में महाआरती में भाग लेने के उपरांत पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इससे पहले विधायक महिपाल ढांडा, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष राहुल राणा, सुशील राणा, प्रदीप झांब ने महाआरती में भाग लिया और भजन संध्या में भजनों का आनंद लिया। इस दौरान शंख की ध्वनि और मंत्रोच्चारण ने ब्रह्मसरोवर को संगीतमय कर दिया। विधायक महिपाल ढांडा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन 19 नवंबर से चल रहा है और इस महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम 29 नवंबर से 4 दिसंबर तक आयोजित किए जा रहे है और सरस और शिल्प मेले का आयोजन 6 दिसंबर तक होगा। इस महोत्सव में प्रत्येक दिन महाआरती का आयोजन करना एक बहुत बड़ा काम है। इस महाआरती में रोजाना गणमान्य व्यक्ति और आम नागरिक भाग ले रहे है।




