





अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2025 के अंतर्गत ब्रह्मसरोवर पुरुषोत्तमपुरा बाग में आयोजित सांध्यकालीन महाआरती में अद्भुत आध्यात्मिक वातावरण देखने को मिला, जहाँ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, हरियाणा सरकार के मंत्री राजेश नागर, गौरव गौतम सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने मंत्रोच्चारण के बीच दीपशिखा प्रज्वलित कर विधिवत पूजा-अर्चना की। मुख्य अतिथि मोहन लाल बड़ौली ने अपने संबोधन में कहा कि कुरुक्षेत्र की पवित्र भूमि पर श्रीकृष्ण द्वारा अर्जुन को दिए गए गीता उपदेश ने मानवता को अमूल्य आध्यात्मिक ज्ञान प्रदान किया है, जो प्रत्येक युवा के लिए जीवन मार्गदर्शक का कार्य करता है। मंत्री राजेश नागर ने गीता को आदर्श जीवन का पथ प्रदर्शक बताते हुए कहा कि इसका ज्ञान सामाजिक समरसता और समझ को बढ़ावा देता है, जबकि खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि गीता मनुष्य को लक्ष्य के प्रति दृढ़ता और समर्पण की शक्ति प्रदान करती है। महाआरती के दौरान पंडित बलराम गौतम, सोमनाथ शर्मा, गोपाल कृष्ण गौतम, अनिल और रुद्र द्वारा किए गए मंत्रोच्चारण से पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा। कार्यक्रम में केडीबी द्वारा सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, भाजपा जिलाध्यक्ष तिजेंद्र सिंह गोल्डी, केडीबी मानद सचिव उपेंद्र सिंघल सहित अनेक अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति और श्रद्धालु मौजूद रहे।