
10वां अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र में 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी होंगे शामिल:नायब सिंह सैनी
15 नवंबर से 5 दिसंबर तक पहली बार 21 दिन तक महोत्सव में देखने को मिलेगा संस्कृति, ज्ञान और आध्यात्मिकता का अलग ही संगम,कुरुक्षेत्र की युद्धभूमि में मोह ग्रस्त अर्जुन को भगवान श्रीकृष्ण के मुखारविंद से श्रीमद् भगवद् गीता के शाश्वत उपदेश को 5,163 वर्ष होंगे पूरे
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस वर्ष भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के माध्यम से अंतर्राष्ट्रीय गीता संगोष्ठी में 16 देशों के 25 विद्वानों की उपस्थिति रहेगी। विदेश मंत्रालय के माध्यम से 51 देशों में गीता महोत्सव के कार्यक्रम भी आयोजित होंगे, जिनका लाइव प्रसारण रहेगा। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्रालय द्वारा दूसरे देशों में विभिन्न भाषाओं में अनुवाद की गई श्रीमद्भागवत गीता की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। फिजी और त्रिनिदाद एवं टोबेगो से 20 पंडित 2 दिन के लिए कुरुक्षेत्र आ रहे हैं, जोकि महोत्सव के दौरान आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इसके अलावा 7 देशों के 25 शिल्पकारों द्वारा अपनी शिल्प का प्रर्दशन महोत्सव के दौरान किया जाएगा।
24 नवम्बर से 1 दिसम्बर की अवधि के दौरान संस्थानों में होंगे गीता सेमिनार
हर साल की तरह इस साल भी ब्रह्म सरोवर के पुरुषोत्तमपुरा बाग में 24 नवम्बर से 1 दिसम्बर तक हरियाणा के विकास एवं उन्नति को दर्शाती हुई प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इनमें सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और क्षेत्र विशेष में हुए विकास कार्यों की जानकारी मिलेगी। इनके अलावा, विभिन्न धार्मिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। महोत्सव के दौरान विभिन्न भाषाओं में गीता संस्करण की प्रर्दशनी भी लगाई जाएगी।
हरियाणा की संस्कृति, शिल्प, खान-पान के लिए बनाया जाएगा हरियाणा पैवेलियन
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि महोत्सव में हरियाणा की संस्कृति, शिल्प, खान-पान इत्यादि से सम्बन्धित हरियाणा पैवेलियन बनाया जाएगा। इसमें वाले पर्यटक एवं तीर्थयात्री हरियाणा की संस्कृति से रूबरू होंगे। गीता महोत्सव में बलराम कुश्ती दंगल का आयोजन करवाया जाएगा। इसमें देश के बड़े-बड़े कुश्ती खिलाडिय़ों को भी आमन्त्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा शहर में विभिन्न स्थानों पर महाभारत थीम पर आधारित पेंटिंग बनाने का कार्य करवाया जाएगा। मेला क्षेत्र में दर्शकों के लिए 15 नवम्बर से 5 दिसम्बर 2025 तक फन फेयर का आयोजन किया जा रहा है। गीता महोत्सव के अवसर पर ज्योतिसर में निर्मित अनुभव केन्द्र के उद्घाटन की भी योजना तैयार की गई है।
28 नवंबर से सभी जिला मुख्यालय पर होंगे अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के कार्यक्रम
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के कार्यक्रम 28 नवंबर से सभी जिला मुख्यालयों पर शुरू होंगे। इसी तरह 1 दिसम्बर को हरियाणा के सभी जिलों के मुख्यालयों में गीता शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। सभी जिलों के मुख्यालयों में 1 दिसम्बर को गीता जयंती के दिन 1800 विद्यार्थियों द्वारा गीता का वैश्विक पाठ किया जाएगा। इसी प्रकार सभी जिलों में 1 दिसम्बर को ग्राम पंचायतों द्वारा अपने तीर्थों पर सायंकाल को दीपोत्सव मनाया जाएगा।